हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। बहादराबाद थाना क्षेत्र में शातरशाह इलाके में सेल्समैन से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नगदी, अवैध तमंचा, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 30 दिसंबर को जगजीतपुर स्थित देशी शराब के ठेके से नगदी लेकर ऑटो से रुड़की जा रहे सेल्समैन कृष्णा राणा से पतंजलि रिसर्च सेंटर के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने बैग छीन लिया था और फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया। जांच व पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी एएसपी ज्वालापुर जितेन्द्र चौधरी को सौंपी गई।
गठित टीम ने सीआईयू की तकनीकी सहायता से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व स्थानीय सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों के हुलिए और उनके द्वारा इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल की पहचान की। इसके बाद नहर पटरी के पास तिरछापुल से मिली सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा, घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल और लूटी गई नगदी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल थाना सिडकुल क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। मुख्य आरोपी श्रवण गिरि पुत्र रमेश गिरि निवासी ग्राम दुगचाड़ा, थाना देवबंद (वर्तमान पता दौलतपुर, बहादराबाद) के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह कोतवाली डोईवाला के दो मामलों में वांछित चल रहा था। दूसरा आरोपी प्रणव पुत्र सुभाष सैनी निवासी ग्राम धनौरा, थाना पिरान कलियर, जिला सहारनपुर के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून जनपद में तीन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4 लाख 6 हजार रुपये नगद, लूटी गई रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन, एक तमंचा और सिडकुल क्षेत्र से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

