लक्सर(श्रवण गिरी)।लक्सर क्षेत्र में संचालित 1962 मोबाइल वेटरिनरी यूनिट (MVU) द्वारा इन दिनों गाँव-गाँव पहुंचकर पशुओं में फैलने वाली गंभीर संक्रामक बीमारी खुरपका-मुंहपका (FMD) के खिलाफ व्यापक टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पशुधन को इस रोग से सुरक्षित रखना और पशुपालकों को जागरूक करना है।
टीम द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है। साथ ही पशुपालकों को खुरपका-मुंहपका रोग के लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर उपचार के महत्व की जानकारी भी दी जा रही है।
वरिष्ठ पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक बीमारी है, जो पशुओं की उत्पादकता को प्रभावित कर आर्थिक नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण ही इस रोग से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
पशुपालन विभाग की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों में जागरूकता बढ़ रही है और वे अपने पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग हो रहे हैं। ग्रामीणों ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए इसे पशुधन संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस दौरान टीकाकरण अभियान में वरिष्ठ पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार, डॉ. शिव प्रसाद चौधरी, जयवीर सिंह, पशुधन सहायक सरफराज, पशु सखी रोशन देवी एवं एम्बुलेंस चालक विशाल कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
अपील:
पशुपालन विभाग ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे इस अभियान का लाभ उठाते हुए अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं।

