रुड़की(नीति शर्मा)। मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज रुड़की एवं सुसाना मैथोडिस्ट गर्ल्स बी.एड. कॉलेज रुड़की के संयुक्त तत्वावधान में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह, सहायक प्रबंधिका दीपिका चार्ली, प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव एवं बी.एड. प्राचार्या डॉ. उन्नति विश्नोई द्वारा ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं झंडा गान के साथ किया गया।
इसके पश्चात छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें ऐ वतन, वंदे मातरम्, मेरे देश की धरती, ऐ मेरे वतन के लोगों, मेरा मुल्क मेरा देश, जहां डाल-डाल पे जैसे गीत, भाषण एवं कविताएं शामिल रहीं। एन.सी.सी. की छात्राओं द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट भी प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर प्रबंधिका मिस जे. सिंह एवं सहायक प्रबंधिका दीपिका चार्ली ने छात्राओं को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने अपनी स्वयं रचित कविता के माध्यम से छात्राओं में देशभक्ति की भावना जागृत करते हुए देश के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बी.एड. प्राचार्या डॉ. उन्नति विश्नोई ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान खेल प्रतियोगिताओं में विजयी छात्राओं को मेडल एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान खुशबू सैनी, द्वितीय स्थान अंशिका भारद्वाज, अंजलि, देविना पंत, याचना मसीह, तनीषा, सुहानी राठौर तथा तृतीय स्थान खुशी ने प्राप्त किया। बैडमिंटन में तन्वी ने प्रथम, हिमांशी, अंशिका भारद्वाज एवं सानिया अकबर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खो-खो में खुशबू सैनी एवं पायल प्रथम तथा मानसी, कृष्णा रावत एवं अंशिका द्वितीय स्थान पर रहीं। बास्केटबॉल में खुशबू सैनी एवं तन्वी ने प्रथम तथा भूमिका नेगी एवं अलीवा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रेस प्रतियोगिता में याचना मसीह प्रथम स्थान पर रहीं।

दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में प्रतिभाग करने जा रही एन.सी.सी. कैडेट अंबिका थपलियाल को विशेष रूप से शुभकामनाएं देते हुए छात्राओं को प्रोत्साहित किया गया।
अंत में छात्राओं को मिष्ठान वितरित किए गए। कार्यक्रम में एन.एस.एस. अधिकारी डॉ. पायल, एन.सी.सी. सी.टी.ओ. वंदना चौहान, समस्त प्रवक्ता, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

