रुड़की(अनिल शीर्षवाल)।रुड़की की प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी ए टू जेड ऑटोमोबाइल्स (डम-डम इंजीनियरिंग वर्क्स) को उत्कृष्ट सेवाओं, ग्राहक संतुष्टि और व्यावसायिक उपलब्धियों के लिए उत्तराखंड अचीवर्स सम्मान से सम्मानित किया गया। देहरादून में आयोजित समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कंपनी के चेयरपर्सन धीर सिंह को यह सम्मान प्रदान किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद धीर सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि उनकी व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरी ए टू जेड ऑटोमोबाइल्स टीम की मेहनत, समर्पण और ग्राहकों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों का सहयोग ही कंपनी की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसने उसे निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।
धीर सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु स्वर्गीय इंजीनियर राजेश गर्ग को देते हुए कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके गुरु का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि एक साधारण ग्रामीण युवक को पहचान दिलाने और आगे बढ़ाने में स्वर्गीय राजेश गर्ग की अहम भूमिका रही।
उन्होंने कहा कि ग्राहकों के विश्वास और स्नेह के बल पर कंपनी ने 40 वर्षों का सफल सफर तय किया है और आज पूरे उत्तराखंड में अपनी अलग पहचान बनाई है। गुणवत्तापूर्ण सेवाएं, पारदर्शिता और भरोसेमंद कार्यशैली कंपनी की सबसे बड़ी ताकत रही है।
धीर सिंह ने कंपनी के सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उन्होंने विश्वास जताया कि ए टू जेड ऑटोमोबाइल्स भविष्य में भी आधुनिक तकनीक, उत्कृष्ट सेवाओं और ग्राहक-केंद्रित कार्यशैली के माध्यम से नए मानक स्थापित करती रहेगी।
कार्यक्रम में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी, अभिषेक चंद्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मान मिलने के बाद कंपनी के कर्मचारियों, सहयोगियों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल रहा।





