हरिद्वार(नीति शर्मा)।देवसंस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज में आयोजित दधीचि अंगदान संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय संगोष्ठी में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री Jagat Prakash Nadda ने अंगदान को मानव सेवा का सर्वोच्च कार्य बताते हुए इसे जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami सहित देशभर से आए विशेषज्ञों, चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं साधकों ने भाग लिया। इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने अंगदान का संकल्प लिया।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि अंगदान के माध्यम से गंभीर रूप से जरूरतमंद लोगों को नया जीवन दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अंगदान को वैज्ञानिक और आध्यात्मिक दोनों दृष्टियों से समझने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं तथा अंगदान एवं प्रत्यारोपण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर संस्थागत ढांचा विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनजागरूकता से देश में अंगदान की संख्या में वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति त्याग, समर्पण, सेवा और परमार्थ की महान परंपरा पर आधारित है। उन्होंने महर्षि दधीचि और राजा शिवि के त्याग का उल्लेख करते हुए कहा कि मृत्यु के बाद भी यदि शरीर का कोई अंग किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सके, तो इससे बड़ा मानव कल्याण का कार्य नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में अंगदान और प्रत्यारोपण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अनेक कदम उठाए जा रहे हैं। दून मेडिकल कॉलेज में राज्य के प्रथम सरकारी ऊतक प्रत्यारोपण केंद्र के निर्माण के साथ अंग बैंक और जिला स्तरीय अंगदान केंद्रों का नेटवर्क विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने गायत्री परिवार द्वारा समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का संदेश “हम बदलेंगे तो युग बदलेगा” आज भी समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए Dr. Chinmay Pandya ने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति का मेरुदंड है और त्याग, सहयोग तथा लोकमंगल की भावना को जागृत करने वाली जीवन पद्धति है। संगोष्ठी में अंगदान के वैज्ञानिक, सामाजिक एवं कानूनी पहलुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई।



