रुड़की(अनिल शीर्षवाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा 3 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर का निरीक्षण कर खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों से संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल अवसंरचना युवाओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास का अवसर मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान मिली है और उत्तराखंड सरकार भी अपनी खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के निर्माण से हरिद्वार, रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में इनडोर खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां सुसज्जित जिम, बैडमिंटन कोर्ट और अन्य आवश्यक खेल संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। यह परिसर नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण शिविरों और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, मेलाधिकारी कुंभ सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



