हरिद्वार(ब्यूरों)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वनकर्मियों पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की कार से 500 रुपये के 105 जाली नोट बरामद किए हैं, जिससे नकली नोटों के अवैध कारोबार का भी खुलासा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 27 जून को वन रेंज श्यामपुर में तैनात वन आरक्षी ललित कुमार ने कोतवाली श्यामपुर में तहरीर देकर बताया कि वह अपने साथी वन आरक्षी अश्विनी कुमार के साथ सरकारी ड्यूटी पर थे। इसी दौरान पांच लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोपियों ने दोनों वनकर्मियों को जान से मारने की धमकी दी, उनका मोबाइल फोन छीनकर सड़क पर पटक दिया और बाद में नहर में फेंक दिया। विरोध करने पर लोहे की रॉड से हमला कर दोनों को घायल कर दिया गया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज रावत को सौंपी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से मात्र 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सियाज कार (डीएल-5सीएन-2968) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 500 रुपये के 105 जाली नोट, लोहे की रॉड तथा अन्य सामान बरामद हुआ। बरामद जाली नोटों की कुल कीमत 52,500 रुपये बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में खपाने के अवैध धंधे से भी जुड़े हुए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवम कश्यप पुत्र ओमप्रकाश, अनुल पुत्र ओमप्रकाश निवासी गली नंबर-5, श्यामपुर तथा विकास सिंह पुत्र नौबहार सिंह निवासी कांगड़ी, थाना श्यामपुर, हरिद्वार शामिल हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि फरार अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।



