बहादराबाद(अनिल शीर्षवाल)। नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने एक दिव्यांग युवक को 1 किलो 488 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद की है।
प्रभारी चौकी कस्बा बहादराबाद विकास रावत ने बताया कि बीती रात गश्त एवं चेकिंग के दौरान पुलिस टीम नहर पटरी रोड स्थित पुराने पावर हाउस के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 488 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उस्मान पुत्र नूर अहमद निवासी ग्राम लादपुर कला, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गांजे के स्रोत एवं उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
