रुड़की(नीति शर्मा)। राष्ट्रीय चिकित्सा दिवस (डॉक्टर्स डे) के अवसर पर 1 जुलाई 2026 को इनर व्हील क्लब रुड़की स्पार्कल के सौजन्य से मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, रुड़की में निःशुल्क बोन मैरो डेंसिटी जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. सीमा सालार रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह एवं प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव द्वारा क्लब पदाधिकारियों एवं मुख्य अतिथि का पौधा भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। शिविर में उपस्थित छात्राओं, शिक्षिकाओं तथा क्लब सदस्यों ने हड्डियों की जांच कराई। इस दौरान डॉ. सीमा सालार ने हड्डियों को स्वस्थ रखने तथा अस्थि रोगों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण परामर्श भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की ओर से एक निर्धन परिवार को राशन सामग्री भी वितरित की गई। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेवी छात्राओं ने शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने इनर व्हील क्लब रुड़की स्पार्कल एवं सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष स्तुति गोयल, पूर्व आईएसओ नीलम मधोक, वर्तमान आईएसओ नीता भाटिया, एडिटर शुभी मसूर, रीमा बंसल, पुनीत गोयल, सुनीति गोयल सहित महाविद्यालय के समस्त प्रवक्तागण उपस्थित रहे।
