काशीपुर(ब्यूरों)। गन्ना विकास परिषद काशीपुर के एससीडीआई बीरेंद्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में गन्ना विकास समिति काशीपुर के ग्राम पच्चावाला में गन्ना उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से किसान संगोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर आधुनिक खेती की तकनीकों और विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए एससीडीआई बीरेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से गन्ने की खेती को अधिक लाभदायक बनाया जा सकता है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप खेती के तौर-तरीकों में बदलाव समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाली गन्ना प्रजातियों का चयन कर किसान अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही विभाग द्वारा अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे कीटनाशकों का लाभ उठाने की भी अपील की।
कार्यक्रम के दौरान किसानों द्वारा उठाई गई 70 प्रतिशत से अधिक समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। बीरेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि किसान हित विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

गन्ना विकास निरीक्षक सुरेश सिंह ने किसानों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। वहीं गन्ना समिति के सचिव प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने समिति में उपलब्ध कीटनाशक रसायनों एवं खाद-उर्वरकों के वितरण संबंधी जानकारी साझा की। प्रचार-प्रसार प्रभारी वीरेंद्र कुमार मौर्य ने एनपीएसएस एप के माध्यम से कीट प्रबंधन की विस्तृत जानकारी देते हुए किसानों को आधुनिक तकनीकों के उपयोग के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शिवमूर्ति, विनोद प्रकाश चौहान, दीनानाथ तिवारी, राम बादल सिंह, चंद्र बहादुर राणा, जनरल सिंह, योगराज सिंह, सुखराम सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुल्तान सिंह, जगपाल सिंह चौहान, सज्जन कुमार, हरपाल सिंह, मनोज तिवारी, शीशपाल सिंह, सोमपाल सिंह, संतोष सिंह, पंजाब सिंह सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।
