बहादराबाद(मनोज यादव)। शासन स्तर से प्राप्त निर्देशों के क्रम में विकसित भारत-गारंटी फॉर आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAMG) के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार को विकासखंड बहादराबाद में जिला स्तरीय सह-लॉन्च कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योजना के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका संवर्धन को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख उधम सिंह चौहान, कनिष्ठ प्रमुख धर्मेंद्र चौधरी, प्रधान संगठन अध्यक्ष राकेश कुमार वर्मा, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, विभिन्न विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी, विभागीय कर्मचारी, स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्य एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने बताया कि विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को साकार करने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) तैयार की जाएगी। योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने का प्रावधान है। मिशन में जल संरक्षण एवं सुरक्षा, ग्रामीण आधारभूत संरचना विकास, आजीविका संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता दी गई है।

कार्यक्रम में बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा बुवाई और कटाई जैसे प्रमुख कृषि कार्यों के लिए निर्धारित 60 दिनों की अवधि के दौरान योजना के अंतर्गत कार्य संचालित नहीं किए जाएंगे, ताकि किसानों को कृषि कार्यों में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वक्ताओं ने कहा कि योजना ग्रामीण विकास, सशक्तिकरण और स्थायी आजीविका का मजबूत आधार बनेगी। साथ ही सरकार की ग्रामीण रोजगार सृजन एवं आजीविका संवर्धन के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।




