पिरान कलियर/धनौरी(श्रवण गिरी)। थाना पिरान कलियर क्षेत्र के धनौरी-जसवावाला मार्ग स्थित एक बंद मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है। घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल है।
पीड़ित विवेक सैनी पुत्र ओम प्रकाश निवासी धनौरी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि 20 जून 2026 को वह अपनी पत्नी के साथ घर पर ताला लगाकर अपनी दुकान पर चले गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और लॉकर में रखी एक लाख रुपये की नकदी के साथ सोने-चांदी के लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए।
चोरी गए सामान में सोने के कुंडल, अंगूठी, लॉन्ग, तीन जोड़ी चांदी की पायल, दो ओम और दो चांदी के सिक्के शामिल हैं। पीड़ित के अनुसार घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि घटना के कई दिन बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है और न ही चोरी का खुलासा हो पाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
