हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर लक्सर क्षेत्र में अवैध खाद्य निर्माण इकाइयों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध मावा निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। बिना वैध खाद्य लाइसेंस संचालित दोनों प्रतिष्ठानों को बंद करने का नोटिस जारी करते हुए अग्रिम आदेश तक सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर अपर आयुक्त खाद्य सुरक्षा, गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग, लक्सर तहसील प्रशासन एवं लक्सर पुलिस की संयुक्त टीम ने खरंजा कुतुबपुर स्थित मावा निर्माण इकाइयों पर छापा मारा। जांच के दौरान कुरबान पुत्र छब्बर तथा इलियास पुत्र असरफ की इकाइयों में बिना खाद्य लाइसेंस के मावा निर्माण और दूध विक्रय का कार्य संचालित पाया गया।
निरीक्षण के दौरान संचालक आवश्यक अभिलेख एवं अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। टीम ने दोनों इकाइयों से मावा निर्माण में उपयोग किए जा रहे दूध के तीन नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बिना वैध लाइसेंस खाद्य निर्माण इकाई संचालित करने तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न कराने के आरोप में दोनों संचालकों के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
संयुक्त कार्रवाई में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, तहसीलदार लक्सर, दीवान राणा, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन तथा लक्सर थाना पुलिस की टीम शामिल रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाली अवैध खाद्य निर्माण इकाइयों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

