रुड़की(श्रवण गिरी)। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा आयोजित खेल महाकुंभ 2026 के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
भारतीय एकेडमी तांशीपुर में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अक्षा, 200 मीटर में लाईबा, 400 मीटर में लाईबा तथा 1500 मीटर दौड़ में रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं ऊंची कूद में आरजू विजेता रहीं। बालक वर्ग में 100 एवं 200 मीटर दौड़ में सागर, 400 मीटर में उदय, 1500 एवं 5000 मीटर दौड़ में अंशुल ने प्रथम स्थान हासिल किया। भाला फेंक और गोला फेंक में मनजीत तथा चक्का फेंक में अरुण ने बाजी मारी।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी नरेंद्र शर्मा, प्रधानाचार्य रमनीत कौर तथा ब्लॉक खेल समन्वयक अजय पुंडीर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

वहीं खेल महाकुंभ 2026 के अंतर्गत न्याय पंचायत नन्हेड़ा अनंतपुर की क्रीड़ा प्रतियोगिताएं 8 एवं 9 सितंबर को सत्संग भवन नन्हेड़ा में आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं का संचालन आदेश कुमार, नोडल अधिकारी अशफाक हुसैन एवं सीआरपी शुऐब की देखरेख में हुआ। उद्घाटन अवसर पर ब्लॉक सह-खेल समन्वयक अमीर आलम ने बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित किया।
अंडर-14 बालक वर्ग में 60 मीटर दौड़ एवं गोला फेंक में मनस्वीय गौथीयाल, 600 मीटर दौड़ में रुद्राक्ष सैनी तथा लंबी कूद एवं ऊंची कूद में अवतांस डियूडी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में 60 मीटर और 600 मीटर दौड़ में गुंजन तथा लंबी कूद एवं ऊंची कूद में रूसदा जहां विजेता रहीं।
अंडर-19 बालक वर्ग में लंबी कूद में विराट चौधरी तथा ऊंची कूद और गोला फेंक में अब्दुल्ला अराफात ने प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद में राधिका प्रथम रहीं।
आयोजन के सफल संचालन में संजय सैनी, भूपेंद्र सिंह, दीपशिखा, हेमंत कुमार, नाजिर हुसैन, द्वारिका प्रसाद सहित अन्य शिक्षकों एवं चयनकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में हिमांशु कुमार, कुंवरलाल, अश्वनी मुदगल, किरण राय, सुनयेना कौर, योगेश, आर.एल. बड़ोनी, मनोज धीमान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



