हरिद्वार(नीति शर्मा)।समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) की जिला इकाई हरिद्वार की एक महत्वपूर्ण बैठक गंभीर मार्ग स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यालय पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सक्षम के जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा और संचालन जिला उपाध्यक्ष सत्यदेव राठी ने किया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सक्षम के प्रांत अध्यक्ष ललित पंत उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत अध्यक्ष ललित पंत ने कहा कि सक्षम संगठन का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों में आत्मविश्वास और स्वावलंबन का भाव जागृत करना है। उन्होंने आगामी दो प्रमुख कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि आगामी 11 अक्टूबर रविवार को देहरादून के झाझरा स्थित धीमहि प्रकल्प में सक्षम का एक दिवसीय प्रांत प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है। यह वर्ग प्रातः 9:30 बजे से सायं 3:30 बजे तक चलेगा। इस वर्ग में सक्षम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री कमलाकांत पांडे जी तथा उत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री श्री देवेंद्र जी का विशेष सानिध्य कार्यकर्ताओं को प्राप्त होगा, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत सह-संपर्क प्रमुख डॉ. अभय जी का मार्गदर्शन मिलेगा।

ललित पंत जी ने कहा कि सभी दायित्ववान कार्यकर्ताओं की इस प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थिति अति आवश्यक है। कार्यकर्ता ही संगठन की आत्मा है और आप सभी की सक्रियता से ही सक्षम का पौधा वटवृक्ष बनता है।इसके साथ ही उन्होंने 2027 में हरिद्वार अर्धकुंभ मेले के दौरान आयोजित होने वाले व 40 दिन चलने वाले दिव्य नेत्रकुंभ को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि नेत्रकुंभ सेवा का एक महायज्ञ है और यह विश्व का सबसे बड़ा नेत्र चिकित्सा शिविर होगा। इसे सफल बनाना हर कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि नेत्रकुंभ में समर्पण भाव से कार्य करने वाले सक्षम के सेवाभावी कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा ने कहा कि हरिद्वार जिला नेत्रकुंभ की पूरी अवधि में अपनी शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करेगा और प्रांत प्रशिक्षण वर्ग में जिले से अधिक से अधिक कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे।
बैठक में प्रांत युवा प्रमुख कमल पंत जी, जिला कोषाध्यक्ष सत्यप्रकाश जी, जिला उपाध्यक्ष सत्यदेव राठी जी, जिला महिला प्रमुख सीमा चौहान जी, विमलेश गौर जी, गौरव जी, राज शर्मा जी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





