देहरादून(हरिशंकर सैनी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, प्राकृतिक सौंदर्य, अनछुए पर्यटन स्थलों और स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रदेश की विशिष्ट पहचान को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘शाइनिंग स्टार्स ऑफ उत्तराखण्ड-2026’ कार्यक्रम में उन्होंने राज्य के प्रमुख सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स, कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स से संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं और कलाकारों से आत्मीय बातचीत की। उन्होंने उनके अनुभव सुने और विभिन्न विषयों पर पूछे गए सवालों के जवाब दिए। साथ ही उनकी रचनात्मकता, उपलब्धियों और उत्तराखण्ड के प्रति जुड़ाव की सराहना करते हुए उन्हें प्रदेश की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

अद्वितीय पर्यटन स्थलों को मिलेगी डिजिटल पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्यटन की संभावनाएं केवल मसूरी, नैनीताल, ऋषिकेश और हरिद्वार तक सीमित नहीं हैं। मिलम और पिंडारी ग्लेशियर, चकराता, माणा, मलारी और हनोल जैसे क्षेत्रों में भी पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। कंटेंट क्रिएटर्स अपनी वीडियो, रील और यात्रा-कथाओं के माध्यम से इन स्थलों को नई पहचान दिला सकते हैं। इससे पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने क्रिएटर्स से उत्तराखण्ड की वास्तविक सुंदरता, स्थानीय जीवनशैली, सांस्कृतिक विविधता और सकारात्मक उपलब्धियों को तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल अधिक व्यूज पाने के लिए भ्रामक या विवादित जानकारी प्रसारित करने से बचना चाहिए। विश्वसनीयता और दर्शकों का विश्वास ही दीर्घकालीन सफलता का आधार है।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा व्यापक बाजार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया उत्तराखण्ड की महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय शिल्पकारों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट्स’ जैसी पहलों के माध्यम से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुम्हारों, पारंपरिक धातु के बर्तन बनाने वाले कारीगरों, शिल्पकारों और ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों का डिजिटल प्रचार उनकी आय बढ़ाने और पारंपरिक हुनर को संरक्षित करने में सहायक हो सकता है।

वेडिंग डेस्टिनेशन और फिल्म सिटी पर चर्चा
कार्यक्रम में कंटेंट क्रिएटर्स ने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, कानून व्यवस्था, रिवर्स माइग्रेशन तथा पहाड़ों में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं से जुड़े सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने इन विषयों पर अपने विचार साझा किए।
उत्तराखण्ड को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विवाह पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। त्रियुगीनारायण के अलावा मसूरी, देहरादून, ऋषिकेश, रामनगर और मुक्तेश्वर जैसे क्षेत्रों में भी विवाह समारोहों के लिए उपयुक्त संभावनाएं मौजूद हैं। सरकार नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने और संबंधित सुविधाएं बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास कर रही है।
मुंबई सहित फिल्म जगत से जुड़े उत्तराखण्ड के कलाकारों ने प्रदेश में फिल्म सिटी स्थापित करने और स्थानीय स्तर पर फिल्म निर्माण की सुविधाएं विकसित करने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने इन सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए इस दिशा में संभावनाओं पर काम करने की बात कही।
कुंभ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता पर जोर
हरिद्वार में मां गंगा के तट पर आयोजित होने वाले कुंभ को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कंटेंट क्रिएटर्स से कुंभ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता को सकारात्मक रूप से प्रस्तुत करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों से सीखने की क्षमता आवश्यक है। युवाओं को अपनी पृष्ठभूमि या संसाधनों की सीमाओं को बाधा मानने के बजाय उन्हें अपनी ताकत बनाना चाहिए।
सौरव जोशी और पवनदीप राजन समेत कई हस्तियां रहीं मौजूद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध गायक पवनदीप राजन, यूट्यूबर सौरव जोशी, अवंतिका भट्ट, सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर तनु रावत, आरजे काव्या, प्रियंका कंडवाल और आशा नेगी सहित उत्तराखण्ड के कई प्रमुख कंटेंट क्रिएटर्स, गायक, अभिनेता और मनोरंजन जगत से जुड़ी हस्तियां उपस्थित रहीं।




