वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की पहल, ग्राम पंचायत निधि से होगा निर्माण एवं सौंदर्यीकरण; ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर सुविधा
हरिद्वार(मनोज यादव)। सुल्तानपुर मजरी क्षेत्र के ग्राम जमालपुर खुर्द में श्मशान घाट के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का रविवार को रानीपुर विधायक आदेश चौहान की मुख्य उपस्थिति में विधिवत भूमिपूजन किया गया। ग्राम पंचायत निधि से कराए जा रहे इस कार्य की शुरुआत होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामवासियों ने भाग लिया।
गांव में श्मशान घाट की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पूर्व में नहर किनारे सिंचाई विभाग की भूमि पर अंतिम संस्कार करना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए ग्राम पंचायत की ओर से श्मशान घाट को व्यवस्थित रूप देने के लिए निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि श्मशान घाट जैसी आवश्यक सार्वजनिक सुविधा का विकास ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही जरूरत को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए एक निर्धारित और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मोहित चौहान ने बताया कि श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए पहले पुल का निर्माण कराया गया। इसके बाद जमीन गहरी होने के कारण सैकड़ों डंपर मिट्टी डलवाकर भूमि का भराव कराया गया। अब परिसर में छत निर्माण, इंटरलॉकिंग टाइल लगाने और चाहरदीवारी को मजबूत करने का कार्य कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आगामी चरण में परिसर में पानी और बिजली की व्यवस्था कराने के साथ ही ग्रामीणों के बैठने के लिए बेंच भी लगवाई जाएंगी। इन कार्यों का उद्देश्य श्मशान घाट को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है, जिससे ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चमन चौहान ने कहा कि श्मशान घाट प्रत्येक गांव की आवश्यक सार्वजनिक सुविधाओं में शामिल है। जमालपुर खुर्द में इसका निर्माण ग्रामीणों की लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में सराहनीय पहल है।

वहीं, ग्राम पंचायत उपप्रधान प्रतिनिधि अतुल ने कहा कि निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में प्रसन्नता है। कार्य पूरा होने के बाद गांववासियों को अंतिम संस्कार के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी।
ग्राम पंचायत निधि से कराए जा रहे इस निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य से गांव में सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार होगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि श्मशान घाट विकसित होने के बाद उन्हें नहर किनारे अंतिम संस्कार करने की मजबूरी से राहत मिलेगी और एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।


