
हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। हरिद्वार जिले में कांवड़ियों का हुड़दंग और बवाल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को हाईवे से हटाने पर कांवड़ यात्रियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस घटना में एक दारोगा घायल हो गया।सरकारी वाहन और रोडवेज बस के शीशे टूट गए।

जानकारी बहादराबाद में टोल प्लाजा के पास शनिवार की शाम कुछ कांवड़ यात्री हाईवे पर बैठे हुए थे। जिससे यातायात बाधित हो रहा था और हादसे का खतरा भी बना हुआ था। एक पुलिस टीम ने कांवड़ यात्रियों को हाईवे से हटने के लिए कहा।
इसी बात को लेकर कांवड़ यात्रियों की पुलिस कर्मियों से नोकझोंक हो गई। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो कांवड़ यात्रियों ने पथराव शुरू कर दिया। जिससे टोल प्लाजा और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
सिर में पत्थर लगने से दारोगा करम सिंह चौहान घायल हो गए। जबकि इंस्पेक्टर बहादराबाद की सरकारी गाड़ी का शीशा टूट गया। आसपास मौजूद रही एक रोडवेज बस के शीशे भी चकनाचूर हुए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि इस मामले में चार आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।






