हरिद्वार(ब्यूरों)।ग्राम भगतनपुर आबिदपुर, इक्कड़ भगतनपुर आबिदपुर उर्फ इब्राहिमपुर क्षेत्र में लगभग 140 बीघा कृषि भूमि पर तेजी से विकसित की जा रही अनाधिकृत कॉलोनी को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर आपत्ति जताई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार खसरा संख्या 1282, 1283, 1284, 1286, 1287, 1288, 1289, 1294, 1295 सहित अन्य कृषि भूमि पर बिना एच.आर.डी.ए. की अनुमति के प्लॉटिंग कर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही है।

उक्त मामले में जिलाधिकारी से रानीपुर निवासी ग्रामीण राव बाबर अली ने शिकायत कर बताया कि यह पूरा कार्य न केवल नियमों का खुला उल्लंघन है, बल्कि इससे सरकारी राजस्व को भी भारी नुकसान हो रहा है। कृषि भूमि को बिना वैधानिक प्रक्रिया अपनाए आवासीय उपयोग में बदलने से क्षेत्र में अव्यवस्थित विकास और मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी उत्पन्न होने का खतरा है।
इस मामले में जिलाधिकारी हरिद्वार को शिकायत प्रेषित करते हुए तत्काल जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से अवैध प्लॉटिंग पर रोक लगाने तथा सरकारी राजस्व की वसूली सुनिश्चित करने की अपील की हैं
