रूड़की(नीति शर्मा)। जिला सहकारी बैंक ने बकायेदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बार-बार नोटिस जारी करने के बाद भी बकाया जमा न करने वाले बकायेदारों ऋण की बंधक संपत्ति को अपने कब्जे में लेना शुरू कर दिया है। जिला सहकारी बैंक के महा प्रबंधक/ सचिव सौ सिंह ने कहा है कि जो भी बकायेदार जिला सहकारी बैंक का ऋण वापस करने में आनाकानी करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इस संबंध में बकायेदारों पर कार्रवाई करने के लिए सहकारी बैंक की ओर से अधिकारियों की टीम गठित की गई है। अधिकारियों की यह टीम बकायेदारों के घर पर जाकर उन्हें बकाया जमा करने के लिए आगाह करेगी। साथ ही उन्हें यह भी बताएगी कि यदि वह समय रहते पैसा जमा नहीं करते तो उनके खिलाफ बैंक कानूनी कार्रवाई करेगा। जिला सहकारी बैंक हरिद्वार स्थान रुड़की की शाखा खानपुर द्वारा आज अपने सी०सी०बी०टी० बकायेदार मैसर्स दुर्गा एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर विजेंद्र सिंह पुत्र रामकिशन निवासी ग्राम खानपुर, जिला हरिद्वार को वितरित बैंक ऋण की अदायगी में विफल रहने पर वसूली के लिए सरफेसी अधिनियम अंतर्गत कार्रवाई करते हुए आज बंधक संपत्ति पर बैंक का कब्जा लिया गया । जैसी ही टीम मौके पर पहुंची तो बकायेदार के परिजनों में हड़कंप मच गया। हालांकि अधिकारियों के कड़े रुख और पुलिस बल मौजूद होने के कारण बकायेदार के परिजन बंधक संपत्ति पर कब्जा लेने के दौरान कोई किसी तरह का विरोध नहीं कर सके। कब्जा कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस बल, बैंक से अंकित गुप्ता, शाखा प्रबंधक देवनारायण चौधरी तथा वसूली एजेंसी के अधिकृत प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैंक के महाप्रबंधक/ सचिव सौ सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि बैंक द्वारा अपने बकायेदारों के विरुद्ध वसूली हेतु सरफेसी अधिनियम अंतर्गत कार्रवाई जारी रखी जाएगी।


