हरिद्वार(नीति शर्मा)। हरिद्वार के बैरागी कैंप क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक टेंट गोदाम में भीषण आग लगी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। धुएं का घना गुबार तीन से चार किलोमीटर दूर से दिखाई दिए। घटना के दौरान आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा ।टैंट मालिक वीरेंद्र भाटिया समेत अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। अपने सामने सामान जलता देख कर्मचारी बिलख बिलख कर रोने लगे।
बुधवार करीब 12 बजे बैरागी कैंप स्थित प्रकाश टेंट के गोदाम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही क्षणों में गोदाम के भीतर आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने लपटें उठती देख शोर मचाया और आसपास के लोगों को सतर्क किया। आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। गोदाम में भारी मात्रा में कपड़ा, गद्दे, बांस, प्लास्टिक व अन्य टेंट सामग्री रखी थी, जो अत्यंत ज्वलनशील होने के कारण आग के लिए ईंधन साबित हुई। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। कनखल थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। स्थानीय लोग भी बाल्टियों और पाइप के सहारे प्रारंभिक प्रयास करते दिखाई दिए, किंतु आग की तीव्रता के आगे प्रयास नाकाफी रहे।
फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोदाम के चारों ओर से आग पर काबू पाने और पास की झुग्गियों, मकानों को बचाने का प्रयास किया। बीरबल सिंह, एफएसओ, हरिद्वार ने बताया है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है। गोदाम में टेंट के पर्दे, गद्दे और अन्य कई सामान रखे थे. शादी सीजन कम होने के चलते गोदाम में अधिक सामान रखा हुआ था।

