बहादराबाद(नीति शर्मा)।बहादराबाद स्थित किड्स अकादमी जूनियर हाई स्कूल में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी ने छात्रों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को प्रभावशाली मंच प्रदान किया। प्रदर्शनी में विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने नवाचारी वैज्ञानिक मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने मॉडल, पोस्टर और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान, राजकमल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान, पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज के अध्यक्ष राणा नंद लाल एवं किड्स अकादमी जूनियर हाई स्कूल के निदेशक दिनेश चौहान ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

विद्यालय परिसर में मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान का विद्यालय के निदेशक दिनेश चौहान, गौरव चौहान एवं प्रधानाचार्या श्रीमती शताक्षी चौहान द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर भव्य एवं गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि विज्ञान विषय का अध्ययन जितना आवश्यक है, उससे कहीं अधिक जरूरी वैज्ञानिक सोच का विकास करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को संसाधनों के समुचित उपयोग की आदत डालने पर बल देते हुए कहा कि छात्रों में विज्ञान के प्रति आकर्षण, जागरूकता और प्रेरणा उत्पन्न करना ही इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य है।
राजकमल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने कहा कि आज का युग विज्ञान और प्रौद्योगिकी का युग है, जिसमें टेक्नोलॉजी का महत्व लगातार बढ़ रहा है। विज्ञान मानव जीवन के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और ऐसे आयोजन लोगों को दैनिक जीवन में विज्ञान के महत्व से जोड़ने का कार्य करते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शताक्षी चौहान ने कहा कि छात्र-छात्राओं को जीवन में निरंतर नए वैज्ञानिक प्रयोग करते रहना चाहिए, जिससे विज्ञान के प्रति उनकी समझ और रुचि दोनों में वृद्धि होती है।

प्रदर्शनी में पर्यावरण संरक्षण, सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, स्मार्ट सिटी, रोबोटिक्स एवं स्वास्थ्य विज्ञान से संबंधित अनेक आकर्षक मॉडल प्रदर्शित किए गए। छात्रों ने अपने प्रोजेक्ट्स के माध्यम से जटिल वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल भाषा में समझाया, जिसे देखकर अभिभावक एवं अतिथिगण काफी प्रभावित हुए।
कार्यक्रम के अंत में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उत्कृष्ट मॉडलों के लिए अन्वी गौर को प्रथम, प्रियंशी प्रजापति को द्वितीय तथा यान्शिका को तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर किड्स अकादमी स्कूल के सचिव श्री समलेश चौहान, प्रबंध समिति सदस्य गौरव चौहान सहित विद्यालय के अध्यापकगण कु. शीतल पालीवाल, आंचल प्रजापति, ज्योति प्रजापति, विजेता सिंह, रेनू यादव, कीर्ति, अंशु शर्मा, अनन्या, अवंतिका, सोनिया, अमित तथा स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

