भगवानपुर(श्रवण गिरी)। थाना भगवानपुर क्षेत्र के प्रताप कॉलोनी की एक महिला ने थाना पहुंचकर तहरीर दी कि ट्रक चालक राजीव पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम मलकपुर लोन, छपरौली रोड जिला बागपत ने पुरानी रंजिश के चलते उसके पति राहुल कुमार को भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक से कुचलकर मार डाला।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दबिश देकर नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी राजीव ने बताया कि वह वर्तमान में ग्राम रुहालकी थाना भगवानपुर में एक महिला के साथ रह रहा है। दोनों पिछले 8-9 वर्षों से आपसी सहमति से साथ रह रहे हैं और उनका एक चार वर्षीय बेटा भी है। आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से वाहन चलाने का काम करता है और दिसंबर 2025 में उसने अपना छह टायर का कैंटर (नंबर यूपी17 बीटी 8882) खरीदा था।
आरोपी के अनुसार मृतक राहुल एक होटल में खाना बनाने का काम करता था और दोनों का अक्सर उठना-बैठना था। दोनों कई बार साथ बैठकर शराब भी पीते थे। आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में राहुल उसकी तीन भांजियों के बारे में अपशब्द कहता था, जिस कारण वह काफी समय से परेशान था।
आरोपी ने बताया कि होली की छुट्टी के चलते उसकी राहुल से फोन पर बात हुई और वह अपना ट्रक लेकर भगवानपुर टोल के पास पहुंच गया। राहुल अपनी एक्टिवा से उसके पास आया और दोनों ने ट्रक में बैठकर शराब पी और खाना खाया। इसी दौरान राहुल ने फिर से उसकी भांजियों के बारे में गलत बातें कहनी शुरू कर दीं, जिससे उसे गुस्सा आ गया।
राजीव ने बताया कि उसने राहुल को ट्रक से उतरने के लिए कहा। जैसे ही राहुल टोल की ओर जाने लगा, गुस्से में आकर उसने ट्रक चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद वह ट्रक लेकर नन्हेड़ा रोड पहुंच गया और वहीं ट्रक खड़ा कर सो गया।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया है कि आरोपी ने जानबूझकर ट्रक से कुचलकर हत्या की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए उसका चालान कर दिया है और मामले की आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
