बहादराबाद(अनिल शीर्षवाल)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने थाना बहादराबाद का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर पुलिस व्यवस्था और अभिलेखों की स्थिति का जायजा लिया तथा पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी नवनीत सिंह ने मालखाना, शस्त्रागार, लॉकअप और थाना कार्यालय का गहन निरीक्षण करते हुए थाने के सभी महत्वपूर्ण रजिस्टरों की जांच की। रजिस्टरों के अवलोकन के दौरान कई रजिस्टर अपडेट नहीं पाए गए, जिस पर उन्होंने प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित किया कि थाने का कार्यलेख और सभी रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट किए जाएं और डाटा का निश्चित समयावधि में मिलान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ग्राम अपराध रजिस्टर में हल्का प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र की सूचना अपडेट न करने पर उन्हें तीन दिन के भीतर इसे अद्यतन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने बैरक और मैस का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि जवानों को ताजा और अच्छी गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखते हुए समय-समय पर मच्छर व कीटाणु नाशक दवाओं का छिड़काव कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि थाना स्टाफ रात्रि में थाने में ही निवास करे ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत ड्यूटी के लिए रवाना किया जा सके।

मालखाने में मुकदमों से संबंधित लंबे समय से लंबित पड़े माल के संबंध में एसएसपी ने प्रभारी निरीक्षक को कमेटी गठित कर 15 दिनों के भीतर उनके निस्तारण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही थाने में रखी सरकारी संपत्ति के सदुपयोग पर जोर देते हुए असलहों का तीन माह में पुलिस लाइन आर्मरी से मिलान कराने और उनकी नियमित सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना स्तर पर प्रत्येक सप्ताह एक उपनिरीक्षक के नेतृत्व में शस्त्र सफाई और शस्त्र अभ्यास कराने की भी बात कही।
अंत में एसएसपी ने थाना परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि कर्मचारी अपनी समस्याएं उच्चाधिकारियों के समक्ष रखें, जिनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि थाने पर आने वाले फरियादियों की समस्या को नम्रतापूर्वक सुनते हुए विधिक प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर एसपी क्राइम निशा यादव, एसपी सिटी अभय कुमार, सीओ बहादराबाद संजय चौहान सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

