हरिद्वार (नीति शर्मा)। समाज सेवा को अपना धर्म मानते हुए ज्वालापुर पुलिस ने “आओ करें रक्तदान – किसी की बचेगी जान” अभियान के तहत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया। यह शिविर ज्वालापुर को उत्तराखण्ड की सर्वश्रेष्ठ कोतवाली का खिताब मिलने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ज्वालापुर एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार की पहल पर आयोजित इस शिविर में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ क्षेत्रीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर, कोतवाली में तैनात अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इस दौरान कुल 50 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया।
एकत्रित रक्त जरूरतमंद मरीजों के उपचार में सहायक होगा। इस पहल को समाज सेवा और मानवता की दिशा में ज्वालापुर पुलिस का एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।

