देहरादून(अनिल शीर्षवाल)। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री सुनील सैनी ने उत्तराखंड में भाजपा सरकार के जनसेवा, विकास और विश्वास के सफल चार वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित हुए हैं। इन चार वर्षों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता देते हुए केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण, चारधाम यात्रा का सुदृढ़ प्रबंधन, शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा तथा वर्षभर तीर्थाटन को सक्रिय बनाने के लिए सरकार ने सराहनीय पहल की है। इसके साथ ही निवेश को आकर्षित करने के लिए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन, स्वरोजगार योजनाओं को बढ़ावा, स्टार्टअप्स के लिए अनुकूल माहौल और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में निरंतर वृद्धि की गई है।
राज्य मंत्री ने बताया कि महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों की आय बढ़ाने, श्रमिकों के हितों की रक्षा और गरीब वर्ग के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया है। डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शिता और त्वरित सेवा वितरण के माध्यम से शासन को अधिक जवाबदेह और जनकेंद्रित बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां प्रदेश की जनता के सहयोग, विश्वास और आशीर्वाद का परिणाम हैं तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति का प्रतीक हैं। इन प्रयासों से आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़े हैं।
अंत में सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मजबूत नेतृत्व में प्रदेश सुरक्षित और विकास की राह पर अग्रसर है, और उन्होंने एक बार पुनः बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

