हरिद्वार(मनोज यादव)। ग्राम पंचायत सुल्तानपुर मजरी के बहादराबाद क्षेत्र में स्थित मुख्य नाले की करीब 10 वर्षों बाद सफाई कराए जाने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से उपेक्षित इस नाले में जमा कचरा, गाद और गंदगी के कारण जल निकासी बाधित हो रही थी, जिससे खासकर बरसात के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती थी।
स्वच्छता अभियान को गति देते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के आह्वान पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं भाजपा युवा मोर्चा नेता मोहित चौहान की पहल पर यह सफाई कार्य कराया गया। अभियान के दौरान नाले से भारी मात्रा में कचरा और कीचड़ हटाया गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने बताया कि नाले की सफाई न होने से क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी का माहौल बना रहता था, जिससे जनजीवन और व्यापार दोनों प्रभावित हो रहे थे। इस समस्या को लेकर लंबे समय से मांग उठाई जा रही थी।
सफाई अभियान के बाद अब बाजार और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता का माहौल बेहतर हुआ है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने इस जनहित कार्य के लिए मोहित चौहान का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यों के निरंतर संचालन की उम्मीद जताई है।

