बहादराबाद(सत्यम चौहान)। रोहालकी किशनपुर में गुलदार (तेंदुए) का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। देर रात गांव में एक और दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें गांव के युवा कपिल कुमार और उनके भांजे पर गुलदार ने हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि इससे एक दिन पहले ही गांव के निवासी ललित चौहान पर भी गुलदार ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं। लोग खेतों में जाने से डर रहे हैं, वहीं बच्चों को घर से बाहर निकलने में भी खतरा महसूस हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग को बार-बार सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। विभाग की ओर से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं कि पिंजरे लगाए जाएंगे और टीम भेजी जाएगी, लेकिन अभी तक जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
आज भी विभाग की ओर से दोपहर 12 बजे तक पिंजरे लगाने की बात कही गई है। अब ग्रामीणों की नजर इस पर टिकी है कि प्रशासन अपने वादों को पूरा करता है या यह भी केवल आश्वासन बनकर रह जाएगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और किसी की जान जाती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। गांव के लोगों ने साफ कहा है कि अब वे चुप नहीं बैठेंगे और उन्हें सुरक्षा चाहिए, केवल वादे नहीं।

