देहरादून(नीति शर्मा)। डिवाइन कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेस के विद्यार्थियों ने सरदार भगवान सिंह विश्वविद्यालय, बलावाला में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का विषय “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का युग: प्रतिभा और नेतृत्व के अर्थ को पुनर्परिभाषित करना” रहा, जिसमें देशभर से प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कॉलेज की ओर से कनक (बीपीटी), दीक्षा (बीपीटी), नम्रता (बीएमएलटी) एवं भव्या पाठक (बीएनवाईएस) ने प्रतियोगिता में भाग लेते हुए प्रभावशाली प्रस्तुति दी। सभी प्रतिभागियों ने अपने तार्किक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास से निर्णायकों को प्रभावित किया। विद्यार्थियों के साथ फैकल्टी सदस्य डॉ. मानसी पांडे भी उपस्थित रहीं।

प्रतियोगिता में भव्या पाठक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंग्रेज़ी वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से कॉलेज में हर्ष का माहौल है।
कॉलेज के चेयरमैन डॉ. संजय चतुर्वेदी ने इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। निदेशिका अनुभा मदान, निदेशक गगन यादव एवं एडमिशन हेड रोहित चौहान ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।
फैकल्टी सदस्य डॉ. मानसी पांडे ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम इस सफलता के रूप में सामने आया है। वहीं प्रतिभागियों ने इसे एक महत्वपूर्ण सीखने का अनुभव बताया।
यह उपलब्धि डिवाइन कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेस की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

