ज्वालापुर(नीति शर्मा)। ज्वालापुर निवासी महिला द्वारा कोतवाली ज्वालापुर में शिकायत दी गई कि उनके पति रवि चौहान पुत्र वेद प्रकाश निवासी सीतापुर उम्र 45 वर्ष जो कि घर से बिना बताए कहीं चले गए हैं जिनका कोई पता नही चल पा रहा है। प्राप्त शिकायत पर कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
गुमशुदा रवि चौहान की तलाश में जुटी पुलिस ने विभिन्न प्रयास किए लेकिन गुमशुदा का कुछ पता नहीं चल पाया। 19 अप्रैल को गुमशुदा रवि चौहान उपरोक्त का शव रानीपुर झाल से बरामद हुआ। शव की स्थिति देख पुलिस को शक हुआ कि मृतक की हत्या की गई है। पुलिस को छानबीन के दौरान जानकारी मिली मोटर साइकिल पर सवार दो व्यक्ति मृतक रवि चौहान को अपने बीच में बैठाकर हरिलोक तिराह ज्वालापुर होते हुए रानीपुर झाल की ओर गए थे। उक्त दोनों संदिग्ध के बारे में कई लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इस बीच सूचना तंत्र के जरिए जानकारी मिली कि तलाशे जा रहे संदिग्ध में से एक ज्वालापुर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर नदीम है।
मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने जब हिस्ट्रीशीटर नदीम को पूछताछ हेतु बुलाया गया तो घटनाक्रम की सारी हकीकत सामने आ गई। आरोपी ने अपने साथी दानिश के साथ मिलकर रवि चौहान की हत्या करने की बात कबूलते हुए बताया कि उन्होंने सीतापुर निवासी चाचा-भतीजे द्वारा दी गई डेढ़ लाख रुपये की सुपारी के चलते ये हत्या की। रकम लेने के बाद दोनों ने पहले मृतक को शराब पिलाई और फिर मारपीट कर उसका गला घोंट दिया। इसके बाद उन्होंने रवि को मरा समझ उठाकर नहर पटरी रानीपुर झाल पर फेंक दिया ।
अब तक जुटाए गए तथ्यों के आधार पर ये सामने आया है कि मृतक रवि चौहान को उसके भाई द्वारा उपहार स्वरूप कुछ जमीन दी गई थी जिस कारण पिछले काफी समय से भाई का दामाद नाराज चल रहा था और अलग-अलग तरीके से मृतक के परिवार का मानसिक/ शारीरिक उत्पीड़न कर रहा था। इस विवाद से बचने के लिए मृतक ने रिश्ते के दामाद के नाम एक प्लॉट भी किया लेकिन विवाद नही थमा। अपने लालच को पूरा करने के लिए आरोपी ने अपने भतीजे के साथ मिलकर मृतक की हत्या की सुपारी दे दी।
पुलिस टीम ने सुपारी लेकर हत्या करने आरोपी हिस्ट्रीशीटर नदीम और दानिश अली को हिरासत में लेकर उनके कब्जे के हत्या के दौरान इस्तेमाल मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर तथा सुपारी के तौर पर मिली रकम में से बची धनराशी ₹61000/- बरामद की। गुमशुदगी को हत्या की धाराओं में तरमीम किया गया है।
मामले के खुलासे और गिरफ्तारी के डर से हत्या की सुपारी देने के आरोपी चाचा-भतीजे फिलहाल भुमिगत हो गए हैं जिनकी तलाश में लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस ने आरोपित नदीम पुत्र मोहम्मद कुरैशी निवासी कस्साबान ज्वालापुर व दानिश अली पुत्र नजीर अहमद निवासी कस्साबान ज्वालापुर का चालान कर दिया है।

