हरिद्वार(नेहा शर्मा)।जनपद में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विद्यालयों के समय में अस्थायी बदलाव के आदेश जारी किए हैं। शासन के निर्देशों के क्रम में यह व्यवस्था 27 अप्रैल 2026 से 26 मई 2026 तक प्रभावी रहेगी।
जारी आदेश के अनुसार, प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगे, जबकि कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 12:30 बजे तक चलेंगी।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि सभी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके तहत विद्यालयों में नियमित अंतराल पर वॉटर बेल बजाने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन रखने और ओआरएस व आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।
इसके साथ ही छात्रों को हीटवेव से बचाव की जानकारी देने, तेज धूप में खेल-कूद व बाहरी गतिविधियों पर रोक लगाने तथा छुट्टी के बाद बच्चों को समूह में घर भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि निर्धारित समय-सारणी का कड़ाई से पालन करते हुए जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि भीषण गर्मी के दौरान बच्चों की सुरक्षा बनी रहे।

