हरिद्वार(रश्मि कश्यप)। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, रोशनाबाद में बुधवार को सत्र 2025-26 का वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा मुख्य अतिथि एवं पूर्व सहायक आयुक्त बी.एस. रौतेला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती पूजन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनों का मन मोह लिया। विद्यालय के प्राचार्य सुनीत कुमार गुप्ता ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों, शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि विद्यालय के छात्र विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र सन्नी कुमार को वीरगाथा 5.0 कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वहीं कक्षा 10 में उर्वशी यादव ने 97.2% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के दौरान गढ़वाली नृत्य, कत्थक, कव्वाली, राग भूपाली एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘नवद्वार’ का विमोचन भी किया गया तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अकादमिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। वर्ष भर की गतिविधियों के आधार पर निलगिरी सदन को चैंपियन ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उदयगिरि, अरावली एवं शिवालिक सदन क्रमशः द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ स्थान पर रहे।
मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत कर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका राय, शौर्य कुमार एवं शौर्य पाल ने किया, जबकि अंत में उप प्राचार्य लाजपत सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

