देहरादून(एच एस सैनी)। बुधवार देर रात लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी की मौत हो गई, जबकि प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौड़ समेत तीन लोग घायल हो गए।
पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से लूटपाट कर उसे गोली मार दी है। मौके पर पहुंची पुलिस को घायल व्यक्ति देवराज मिला, जिसने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में आए बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे करीब दो लाख रुपये, मोबाइल, डायरी और जरूरी कागजात लूट लिए और गोली मारकर फरार हो गए।
घायल को साथ लेकर पुलिस ने तुरंत बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल की ओर जाती संदिग्ध कार दिखाई दी। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल में भाग गए।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी नरेश राठौड़ को भी गोली लगी।
घायल बदमाश, पीड़ित और घायल इंस्पेक्टर को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान घायल बदमाश की मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे जिले में अलर्ट जारी कर सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। फरार बदमाशों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं।


