हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। लक्सर क्षेत्र में हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चौंकाने वाले तथ्य सामने रखे हैं। मामले में एक कथित सत्संगी बाबा को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है, जिसने अपने चेले के साथ मिलकर डॉक्टर और उसके साथियों पर जानलेवा हमला करवाया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी बाबा अभी फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना 27 अप्रैल 2026 की है। दाबकी कलां निवासी डॉ. सुमित कुमार अपने परिजनों के साथ कार से बहादराबाद स्थित हंस फाउंडेशन अस्पताल से लौट रहे थे। इसी दौरान बाडीटीप के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी कार पर अचानक फायरिंग कर दी। हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

जांच में यह भी सामने आया कि इससे पूर्व 14 अप्रैल को भी डॉक्टर की गाड़ी पर फायरिंग की गई थी। उस समय गाड़ी के टायर से बुलेट बरामद हुई थी, लेकिन आरोपी फरार हो गए थे।
घटना के बाद लक्सर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान शुभम सैनी (22 वर्ष), निवासी भिक्कमपुर के रूप में हुई। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 315 बोर का अवैध असलाह बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिछले तीन वर्षों से एक कथित बाबा के संपर्क में था और उसके कहने पर ही उसने डॉक्टर पर हमला किया। आरोपी के अनुसार, बाबा ने करीब 5-6 महीने पहले डॉक्टर की हत्या की साजिश रची थी। इसके बाद 14 अप्रैल और 27 अप्रैल को दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं, मुख्य आरोपी बाबा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

