हरिद्वार(नीति शर्मा)। ज्वालापुर क्षेत्र में हुए रवि चौहान हत्याकांड का पुलिस ने पूरा खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड पंकज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने जमीन विवाद के चलते अपने भांजे गौतम के साथ मिलकर 1.50 लाख रुपये की सुपारी देकर रवि चौहान की हत्या कराई थी।
इस मामले में सुपारी लेकर हत्या करने वाले दानिश अली और नदीम को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। घटना की शुरुआत 17 अप्रैल को हुई, जब मृतक की पत्नी दिव्या चौहान ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 19 अप्रैल को रवि चौहान का शव पथरी पावर हाउस के पास बरामद हुआ, जिसके बाद मामले को हत्या में तब्दील कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि जमीन विवाद के चलते पंकज शर्मा ने हत्या की साजिश रची और शूटरों को पहले 40 हजार रुपये व घटना के बाद 1.10 लाख रुपये दिए। फरार चल रहे पंकज को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रोशनाबाद कोर्ट चौक से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके भांजे गौतम की तलाश जारी है।


