बहादराबाद(मनोज यादव)। ब्लॉक बहादराबाद की राम धाम कॉलोनी में वीर विनायक दामोदर सावरकर जी की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित “मेरा युवा भारत” के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बच्चों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर बच्चों के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने वीर विनायक दामोदर सावरकर जी के जीवन, राष्ट्रप्रेम, त्याग एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। बच्चों ने अपने निबंधों के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम संयोजक प्रेरणा सैनी ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरित करना तथा उनमें राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं सामाजिक जागरूकता की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने वीर सावरकर जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने ऐसे आयोजनों को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए इसकी सराहना की।
