हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब यात्रियों से भरी एक वोल्वो बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में सवार दो विदेशी नागरिकों सहित कुल 32 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि आग की चपेट में आने से यात्रियों का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया और बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार बस संख्या MP44 ZC 6994 (महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो) देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर की ओर जा रही थी। बुधवार सुबह करीब चार बजे क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे पुलिस चौकी शांतरशाह से लगभग 200 मीटर पहले बस में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इंजन में आई तकनीकी खराबी बताया जा रहा है।
आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। चालक अरुण कुमार निवासी उदयपुर और परिचालक रिंकू पुत्र लाल सिंह निवासी कंचनपुर, धौलपुर (राजस्थान) की सूझबूझ से सभी यात्रियों को तत्काल बस से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि अधिकांश यात्री अपना सामान नहीं निकाल सके, जिससे उनका सामान आग में जल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया। इसके बाद रुड़की से फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
बस चालक और परिचालक ने बताया कि आग इंजन वाले हिस्से से शुरू हुई थी, जिसने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
घटना के बाद प्रशासन ने सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। यात्रियों ने त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए हरिद्वार पुलिस और फायर सर्विस टीम की सराहना की।
पुलिस के अनुसार इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन बस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई है। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।





