रुड़की(श्रवण गिरी)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, रुड़की की एनएसएस एवं एनसीसी इकाइयों द्वारा संयुक्त रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कॉलेज परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पायल अग्रवाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कॉलेज की प्रबंधिका मिस जे. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अपने संबोधन में मिस जे. सिंह ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। उन्होंने छात्राओं से अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक छोटा सा पौधा भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर समाज और पर्यावरण को अनेक लाभ प्रदान करता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को वृक्षारोपण के महत्व, पर्यावरण स्वच्छता तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें अपने आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
एनएसएस एवं एनसीसी इकाइयों का यह प्रयास स्वच्छ, हरित एवं सुंदर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवी छात्राओं के अतिरिक्त एनसीसी सीटीओ वंदना चौहान, एनसीसी प्रशिक्षण प्रशिक्षक संजय तिवारी तथा कॉलेज की समस्त प्रवक्तागण उपस्थित रहे।





