लक्सर(विकास सैनी)। कोतवाली लक्सर क्षेत्र के खेडी खुर्द निवासी रिजवान पुत्र जहीर हसन द्वारा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया गया कि उसके व उसके परिजनों के साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
त्योहारी सीजन को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा सख्त निर्देश जारी किए गए, जिसके अनुपालन में पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश तेज की गई।
इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुकदमे में वांछित आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आस मोहम्मद पुत्र ताहिर निवासी ग्राम खेडी कला, थाना कोतवाली लक्सर का चालान कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


