हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। 19 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होने जा रही चारधाम यात्रा को सुगम, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से ऋषिकुल मैदान में बनाए जा रहे यात्री पंजीकरण केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। केंद्र पर विद्युत, पेयजल, शौचालय, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था तथा पंजीकरण के लिए पर्याप्त काउंटर संचालित किए जाएं। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और महिला यात्रियों की सुविधा के लिए महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने नगर निगम को साफ-सफाई, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल संस्थान को पेयजल उपलब्धता, परिवहन विभाग को वाहनों की फिटनेस, ग्रीन कार्ड एवं ट्रिप कार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश भी दिए गए।

पूर्ति विभाग को डीजल, पेट्रोल व एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही सभी पेट्रोल पंपों पर पेयजल व महिला शौचालय की व्यवस्था अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए। इथिक्स इन्फोटेक को तकनीकी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने निर्देश दिए कि पंजीकरण केंद्र व अन्य प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त साइन बोर्ड लगाए जाएं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही घाटों पर जल पुलिस की तैनाती और सुरक्षा चेन लगाने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।
जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र पर 20 काउंटर स्थापित किए जा रहे हैं, जिनके संचालन के लिए 70 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2026 तक 10 लाख 75 हजार 117 श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

