हरिद्वार(विकास सैनी)।पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर जिला प्रशासन ने अनाधिकृत प्लास्टिक के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा पूर्व में जारी आदेशों के अनुपालन में सोमवार को ज्वालापुर कटहरा बाजार स्थित एवरग्रीन पॉलिपैक पर छापेमारी की गई।
छापेमारी की कार्रवाई जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी हरिद्वार के नेतृत्व में राजस्व टीम एवं पुलिस बल की मौजूदगी में की गई। निरीक्षण के दौरान दुकान से प्रतिबंधित एवं अनाधिकृत पॉलीथिन बैग बरामद हुए। कुल 06 कुंतल पॉलीथिन बैग मौके से जब्त किए गए।

उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतिबंधित पॉलीथिन के भंडारण एवं विक्रय के आरोप में संबंधित दुकानदार के विरुद्ध एक लाख रुपये का चालान किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अनाधिकृत प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान रेल चौकी ज्वालापुर प्रभारी खेमेंद्र गंगवार, तहसीलदार सचिन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें, अन्यथा नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


