हरिद्वार/रानीपुर(अनिल शीर्षवाल)। वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाते हुए रानीपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सोमवार को रानीपुर कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 5 अप्रैल की रात नहर पटरी स्थित श्मशान घाट के पास पुलिस टीम ने चार संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान मौके से तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जबकि आरोपियों की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई अन्य बाइकें भी बरामद की गईं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी लत पूरी करने के लिए रानीपुर, सिडकुल और दिल्ली सहित अन्य क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान स्थानों पर छिपा दिया जाता था और बाद में राहगीरों व कबाड़ियों को औने-पौने दामों में बेच दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था। बरामद 10 मोटरसाइकिलों में रानीपुर, सिडकुल, फरीदाबाद और दिल्ली से चोरी की गई बाइकें शामिल हैं। अन्य वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में विपिन (मुजफ्फरनगर), गौरव (लक्सर), नितिन (मुरादाबाद) और गौरव (गुरुकुल नारसन) शामिल हैं, जिनकी उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच बताई गई है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

