रुड़की(विकास सैनी)। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के विद्युत वितरण खंड (नगरीय) रुड़की में बुधवार को बिजली चोरी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई। बुधवार को मुख्यालय की विजिलेंस टीम ने मंडलीय व जनपदीय अधिकारियों के साथ संयुक्त अभियान चलाकर 160 बिजली चोरी के मामले पकड़े।
अधिशासी अभियंता अरुण कान्त के निर्देशन में तथा अधिशासी अभियंता अनिल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। टीम में सहायक अभियंता विजिलेंस धनंजय, रोबिन, विकास, अनिल, इंस्पेक्टर मारुत शाह, सविता शाह, संजीव त्यागी सहित जनपद से प्राप्त पीएससी टीम, उपखंड अधिकारी आकाश सिंह, अनीता सैनी, अश्वनी सिंह, गुलशन व अन्य अधिकारी एवं लाइन स्टाफ शामिल रहे।
संयुक्त टीम ने विद्युत वितरण खंड नगरीय के उन क्षेत्रों में छापेमारी की, जहां लंबे समय से बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। अभियान ग्राम घोड़ेवाला, मरगुबपुर, भौरी डेरा, बढेडी राजपूताना एवं बेलड़ा क्षेत्रों में चलाया गया। यह कार्रवाई सुबह करीब 5:30 बजे शुरू की गई।
जांच के दौरान पाया गया कि कई उपभोक्ता सीधे पोल से केबल डालकर बिजली चोरी कर रहे थे, जबकि कुछ मामलों में मीटर से पहले इनकमिंग केबल में कट लगाकर अवैध रूप से विद्युत का उपयोग किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार, पिछले कई वर्षों में पकड़े गए बिजली चोरी के मामलों में यह संख्या सबसे अधिक है।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
