हरिद्वार(नीति शर्मा)। थाना जीआरपी हरिद्वार को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक जीआरपी अरुणा भारती के कसे हुए नेतृत्व में जीआरपी हरिद्वार टीम ने बुजुर्ग महिलाओं को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर लूटपाट करने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कप्तान द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नीटू पुत्र नरेश (36 वर्ष), निवासी मोहल्ला महाजनान, कस्बा तीतरो, जनपद सहारनपुर (उ.प्र.) के रूप में हुई है। अभियुक्त पांचवीं पास है और पिछले कई महीनों से हरिद्वार रेलवे स्टेशन सहित उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्टेशनों पर जहरखुरानी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
ऐसे देता था वारदात को अंजाम…
शातिर नीटू बेहद सुनियोजित तरीके से अपराध करता था। वह रेलवे स्टेशन पर पहले रैकी करता और अकेली या बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाता। किसी को शक न हो, इसके लिए वह अपनी लगभग 5 वर्षीय बच्ची को साथ रखता था।
लच्छेदार बातों में उलझाकर वह पहले बच्ची को चाय देता, फिर खुद पीता और बाद में पीड़िता को नशीली चाय पिलाकर बेहोश कर देता। महिला के गहरी नींद में जाने के बाद वह आभूषण, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो जाता था।
दर्ज मामले…
20 जनवरी 2026 – प्लेटफॉर्म नंबर 1 से लक्सर निवासी महिला को नशीला पदार्थ देकर कान के कुंडल व चांदी की पाजेब चोरी। (मुकदमा अपराध संख्या 02/26, धारा 123, 303(2) बीएनएस)
15/16 अक्टूबर 2025 – पूछताछ केंद्र हॉल से बरेली निवासी महिला के कुंडल चोरी। बाद में विवेचना में जहरखुरानी की पुष्टि। (मुकदमा अपराध संख्या 104/25)
2 जुलाई 2025 – प्लेटफॉर्म नंबर 9 पर सहारनपुर निवासी महिला को घायल कर मोबाइल, नकदी व आभूषण चोरी। (मुकदमा अपराध संख्या 58/25)
800 से अधिक सीसीटीवी खंगाले
लगातार घटनाओं के बाद जीआरपी हरिद्वार ने करीब 800 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। नेट ग्रिड व मैन्युअल पुलिसिंग के माध्यम से संदिग्ध की पहचान की गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर आरोपी को प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पास दबोच लिया गया।
गिरफ्तारी के समय उसके साथ उसकी 5 वर्षीय बच्ची भी थी, जिसे नियमानुसार उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
बरामदगी…
गहरी नींद लाने वाली नशीली गोलियां (कई पैकेट)
दो मोबाइल फोन
घटना में प्रयुक्त कपड़े
कप्तान ने दी टीम को शाबाशी
इस सफल खुलासे पर एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने थाना प्रभारी बिपिन चंद्र पाठक, विवेचक एसआई प्रमोद कुमार सहित पूरी टीम की सराहना करते हुए ₹2500 नगद ईनाम की घोषणा की।
कप्तान अरुणा भारती ने कहा, “पाप का घड़ा एक न एक दिन अवश्य भरता है। लंबे समय से पुलिस इस शातिर की तलाश में थी, जिसे आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है।”
स्थानीय जनता ने भी जीआरपी हरिद्वार पुलिस की इस सफलता पर खुशी जताई है।


