हरिद्वार(मनोज यादव)। क्षेत्र में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता विवेक चौहान द्वारा उठाई गई मांग अब धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है। लोक निर्माण विभाग ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए सिडकुल मोड़ से डेंसो चौक तक मार्ग पर मानक अनुरूप स्पीड ब्रेकर बनाने का कार्य शुरू कर दिया है।
बताया गया है कि उक्त मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती थी। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को सड़क पार करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को देखते हुए विवेक चौहान ने विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजकर शीघ्र स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की थी।

विभाग द्वारा स्थल निरीक्षण के बाद आवश्यक स्थानों को चिन्हित कर ब्रेकर निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। सिडकुल मोड़ से डेंसो चौक तक स्पीड ब्रेकर बनने से वाहनों की गति नियंत्रित होगी और दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों ने जनहित में की गई इस पहल के लिए विवेक चौहान का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

