हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। पथरी थाना क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुर में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच उस समय तनाव भड़क उठा जब मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।
दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रियासत पुत्र लियाकत और शोकित पुत्र खां मोहम्मद के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार को यह विवाद अचानक उग्र हो गया। आरोप है कि शोकित ने अपने पक्ष में गांव के ही रूस्तम पुत्र रिफाकत और फिरोज को बुला लिया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ वार किए गए। इस घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को उपचार के लिए हरिद्वार के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे गांव और क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। वीडियो में साफ तौर पर दोनों पक्षों को एक-दूसरे पर हमला करते देखा जा सकता है।

पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मामला दो भाइयों के बीच जमीनी विवाद से जुड़ा है, जो बाद में मारपीट में बदल गया। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
थानाध्यक्ष के अनुसार ग्राम इब्राहिमपुर थाना पथरी हरिद्वार दो पक्षों का आपस से झगड़ा हुआ था, जिसकी सूचना थाना हाजा पर प्राप्त हुयी थी। सूचना पर तत्काल थाना हाजा से थानाध्यक्ष पथरी मय पुलिस बल के ग्राम इबाहिमपुर मे जाकर दोनों पक्षों के लोगों पर दबिश दी गयी। दोनों पक्षों के लोग अपने-अपने घरो से फरार हैं। लगातार दबिश दी जा रही है। प्रकऱण के सम्बन्ध में तहरीर प्राप्त होने पर वैधानिक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी ।
