हरिद्वार(नीति शर्मा)।जनपद हरिद्वार स्थित जिला कारागार रोशनाबाद में शुक्रवार को ‘बोर्ड ऑफ विजिटर्स’ द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व नरेंद्र दत्त ने किया। इस दौरान मयूर दीक्षित, नवनीत भुल्लर, संदीप कुमार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की सचिव सिमरनजीत कौर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की बैरकों, भोजनालय, चिकित्सालय और कार्यशालाओं का गहन अवलोकन किया। जिला जज ने बंदियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी विधिक एवं अन्य समस्याओं को सुना और जेल प्रशासन को बंदियों के अधिकारों की रक्षा करते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में जेल परिसर की स्वच्छता, रख-रखाव एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया। बंदियों की विधिक समस्याओं के समाधान हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को नियमानुसार विधिक सहायता उपलब्ध कराने और संबंधित आवेदकों को सूचना प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को बंदियों की शिकायतों एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही पैरोल व फरलो प्रकरणों में पारदर्शिता और थानों से सटीक जांच सुनिश्चित करने हेतु एसएसपी को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
अंत में जेल में संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की गई तथा जेल मैनुअल के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। बोर्ड ऑफ विजिटर्स के सदस्यों से बंदियों के समग्र विकास में सहयोग और सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।

