हरिद्वार(श्रवण गिरी)। जनपद हरिद्वार के धनौरी निवासी अरुण कुमार के परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उनके दोनों बेटों ने देश सेवा का मार्ग चुनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अरुण कुमार के बड़े बेटे रितिक कुमार वर्ष 2025 से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में भर्ती होकर देश की सेवा कर रहे हैं। वहीं अब परिवार की खुशी उस समय और बढ़ गई जब उनके छोटे बेटे हर्ष कुमार का 9 मार्च 2026 को सीमा सुरक्षा बल (BSF) में चयन हो गया।
अरुण कुमार धनौरी में एक छोटी पान की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने दोनों बेटों को मेहनत और ईमानदारी का पाठ पढ़ाया, जिसका परिणाम आज पूरे क्षेत्र के सामने है।
दोनों बेटों के सुरक्षा बलों में चयन होने से परिवार के साथ-साथ धनौरी क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अरुण कुमार और उनके बेटों को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बताया है।

