हरिद्वार(नीति शर्मा)।राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट युवा शक्ति द्वारा संचालित बजट है, जिसमें गरीब, शोषित और वंचित वर्गों पर विशेष ध्यान देने के सरकार के संकल्प को स्पष्ट रूप से दर्शाया गया है। उन्होंने बताया कि यह कर्तव्य भवन में तैयार किया गया पहला बजट है, जो तीन प्रमुख कर्तव्यों से प्रेरित है।
उन्होंने कहा कि पहला कर्तव्य आर्थिक वृद्धि को तेज करना और उसे बनाए रखना, दूसरा कर्तव्य जन-आकांक्षाओं की पूर्ति एवं उनकी क्षमता का निर्माण, जबकि तीसरा कर्तव्य सबका साथ, सबका विकास के विज़न से जुड़ा हुआ है।
राज्य मंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत यह बजट “विकसित भारत @2047” के संकल्प को गति देने वाला है। बजट में गरीब, किसान, महिला और युवा सहित समाज के हर वर्ग के सशक्तिकरण का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस आम बजट में आर्थिक विकास, सामाजिक कल्याण, बुनियादी ढांचा और भविष्य की प्राथमिकताओं को लेकर सरकार की दिशा पूरी तरह स्पष्ट है। यह बजट वर्तमान की आकांक्षाओं को साकार करने के साथ-साथ भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है।
सुनील सैनी ने कहा कि लोकल से ग्लोबल की सोच को आगे बढ़ाते हुए यह बजट समावेशी विकास का सशक्त संदेश देता है और रिफॉर्म से परफॉर्म की ओर बढ़ते भारत की झलक प्रस्तुत करता है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पर्वतीय क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए युवा एवं महिला सशक्तिकरण, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य और स्वरोज़गार पर विशेष बल दिया गया है।
उन्होंने विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को गति देने वाले इस लोक-कल्याणकारी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।


