धनौरी(श्रवण गिरी)। धनौरी से बहादराबाद होते हुए भगवानपुर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है। सड़क जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
यह मार्ग धनौरी से बहादराबाद होते हुए भगवानपुर के रास्ते हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली जैसे राज्यों को जोड़ता है। इतने महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग की जर्जर हालत को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
सड़क पर गिट्टियां उखड़कर बिखर गई हैं और गहरे गड्ढों के कारण वाहनों का संचालन जोखिम भरा हो गया है। स्थिति इतनी खराब है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। यात्री मिनी बसें हिचकोले खाती हुई गुजर रही हैं, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन अक्सर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। खासतौर पर बाइक चालक गड्ढों की वजह से अक्सर चोटिल हो रहे हैं। वहीं, स्कूल जाने वाले बच्चों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क मरम्मत कराए जाने की मांग की है, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।


